एक दिन में 773 नए संक्रमित मामले और 32 लोगों की हुई मौत

0
361

हाईलाइट

  1. भारत में अब तक कोरोना वायरस (COVID-19) से 149 लोगों की मौत- स्वास्थ्य मंत्रालय
  2. भारत में कोरोना वायरस (COVID-19) के 5,194 मामले सामने आए – स्वास्थ्य मंत्रालय
  3. भारत में कोरोना वायरस (COVID-19) से 402 मरीज ठीक हुए- स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि भारत में अब तक कोरोना से पीड़ित लोगों को इलाज के बाद 402 लोगों को छुट्टी दे दी गई है। देश में संक्रमित लोगों की संख्या 5194 है। पिछले एक दिन में 773 कोरोना के पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। कोरोना से पूरे देश में अब तक कुल 149 मौतें हुई हैं और 24 घंटे के अंदर 32 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, केरल के वायनाड में तीन में से दो कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज ठीक हो गए हैं। उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार राज्य में 336 मामले सामने आए हैं। इनमें से दो लोगों की मौत हो गई है।

भारत में कोरोना वायरस से 149 लोगों की मौत

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस (COVID19)  मामलों की कुल संख्या बढ़कर 5274 हो गई है। जिनमें पॉजिटिव सक्रिय मामलों की संख्या 4714 है। कोरोना के 411 मामले ठीक करके अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं, अब तक कोरोना वायरस से 149 लोगों की मौत हो गई है।

कर्नाटक में 24 घंटे के अंदर कोरोना के छह नए मामले

भारत सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया कि कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस (COVID 19) के छह नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। कर्नाटक में अब तक कोरोना के कुल 181 पॉजिटिव मामले हो गए हैं और 5 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 26 लोगों को कोरोना के इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।

जम्मू-कश्मीर में आज कोरोना के 14 नए मामले आए सामने

जम्मू और कश्मीर सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राज्य में आज कोरोना वायरस (COVID 19) के 14 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। राज्य में अब तक कोरोना के कुल 130 सक्रिय मामले हो गए हैं।

जम्मू-कश्मीर के सिविल सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को फेस मास्क पहनना अनिवार्य

जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा राज्य में में कोरोना वायरस (COVID19) के प्रसार को रोकने के लिए एक निवारक उपाय के रूप में सिविल सचिवालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए फेस मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।

कोरोना के चलते पुणे में मंगलवार रात से अब तक 6 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में कोरोना का कहर तेजी से बढ़ता ही जा रहा है। पुणे में मंगलवार रात से अब तक 6 कोरोना वायरस संक्रमितों की मौत हो गई है। पुणे में मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 14 हो गई है।

पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को एक से छह हजार रूपये देने की घोषणा

गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि देशभर के 31 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बिल्डिंग एवं कंसट्रक्शन से जुड़े लोगों को कल्याण कोष के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए 1000 से 6000 रूपये के नकद लाभ की घोषणा की गई है। अब तक 2 करोड़ पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को 3000 करोड़ दिए जा चुके हैं।

एक लाख बीस हजार से ज्यादा लोगों का हुआ कोरोना परीक्षण

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) से जुड़े डॉ आर गंगाखेडकर ने बताया कि अब तक पूरे देश में हमने 1,21,271 कोरोना परीक्षण किए हैं।

हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वाइन की न होगी कमी: स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि यह सुनिश्चित किया जाता है कि भविष्य में न केवल आज भी जब भी जरूरत हो हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वाइन (HCQ) की कभी कमी न होगी।

एक दिन में कोरोना के 773 नए मामले

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि भारत में अब तक कोरोना से पीड़ित लोगों को इलाज के बाद 402 लोगों को छुट्टी दे दी गई है। देश में संक्रमित लोगों की संख्या 5194 है। पिछले एक दिन में 773 कोरोना के पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। कोरोना से पूरे देश में अब तक कुल 149 मौतें हुई हैं और 24 घंटे के अंदर 32 लोगों की मौत हो चुकी है।

कोरोना के चलते मुंबई में मास्क पहनना हुआ अनिवार्य

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि सभी व्यक्ति जो किसी भी कारण से सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे हों, उन्हें 3 प्लाई मास्क या कपड़े का मास्क अनिवार्य रूप से पहनना चाहिए। बता दें कि महाराष्ट्र में अब तक सबसे ज्यादा संक्रमित मामले पाए गए हैं। यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या हजार के ऊपर हो गई है।

इन जिलों के हॉटस्पॉट्स सील होंगे

उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार आगरा, लखनऊ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, कानपुर , वाराणसी, शामली, मेरठ, बरेली, बुलंदशहर, बस्ती, सहारनपुर, महाराजगंज और सीतापुर में 6 या इससे ज्यादा मामले सामने आए हैं। इन जिलों में हॉटस्पॉट्स (कोरोना वायरस के ज्यादा मामले वाले जगह) सील होंगे

आंध्र प्रदेश में 15 नए मामलों की पुष्टि, अब तक 329 मामले सामने आए

आंध्र प्रदेश में 15 नए मामलों की पुष्टि हो गई है। यहां अब तक 329 मामले सामने आ गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने इसकी जानकारी दी है।

उत्तर प्रदेश के 15 जिले सील होंगे

कोरोना वायरस के बढ़ते मामले के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के 15 जिले रात 12 बजे से 13 अप्रैल तक सील होने वाले हैं। इसमें नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, लखनऊ, आगरा शामली, सहारनपुर समेत अन्य जिले सील होंगे।वहां केवल होम डिलीवरी और मेडिकल टीम की अनुमति होगी। यह कम्युनिटी ट्रांसमिशन को रोकने के लिए किया जा रहा है, क्योंकि यहां मरीजों की संख्या अधिक है। चीफ सेक्रेटरी  आरके तिवारी ने इसकी जानकारी दी है।

वायनाड में तीन में से दो कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज ठीक हुए

केरल के वायनाड में तीन में से दो कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज ठीक हो गए हैं। उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। विदेश से लौटने के बाद इनकी टेस्ट पॉजिटिव आई थी।

कोरोना वायरस को हराने के लिए घर पर रहने के अलावा कोई और दूसरा विकल्प नहीं- उद्धव

सुप्रीम कोर्ट में कोरोना पर सुनवाई

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार जस्टिस अशोक भूषण और एस रवींद्र भट की पीठ को केंद्र की ओर से बताया गया  कि पहले प्रतिदिन 15,000 टेस्ट 118 प्राइवेट लैब द्वारा किए जाते थे। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बाद में क्षमता बढ़ाने के लिए 47 प्राइवेट लैब को कोरोना के जांच के लिए अनुमति दी गई।

सुप्रीम कोर्ट का केंद्र को सुझाव बीमारी की जांच मुफ्त होनी चाहिए

सुप्रीम कोर्ट ने कोरोना वायरस (COVID-19) पर सुनवाई के दौरान आज केंद्र सरकार से कहा कि प्राइवेट लैब में भी बीमारी की जांच मुफ्त होनी चाहिए। कोर्ट ने आगे कहा कि वह इस संबंध में एक उचित आदेश पारित करेगा। कोर्ट नेे कहा कि डॉक्टर कोरोना के योद्धा हैं। उनकी भी सुरक्षा की जानी चाहिए। सुनवाई के दौरान केंद्र की ओर से मौजूद सॉलिसिटर जनरल (SG),तुषार मेहता ने बताया कि सरकार इस मोर्चे पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रही है।

हरियाणा में 141 मामलों की पुष्टि

हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में अब तक कोरोना वायरस (COVID-19) के 141 मामलों की पुष्टि हो गई है। इसमें 10 विदेशी और अन्य राज्यों के 51 लोग शामिल हैं। 17 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और दो लोगों की मौत हो गई है।

अलपुज्जा में एक चर्च के पादरी ने मछुआरों को मदद करने का किया फैसला

केरल के अलपुज्जा में एक चर्च के पादरी ने लॉकडाउन के दौरान मछुआरों की मदद करने के लिए चर्च के नवीनीकरण के लिए इकट्ठा किए पैसों को दान करने का फैसला किया है। फादर थॉमस मारिया कहते हैं अभी उन्हें मदद की जरूरत है जब उनके पास पैसे होंगे तो वो मुझे चर्च बनाने के लिए दे देंगे।

कर्नाटक में अब तक 181 मामले सामने आए

कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार शाम 5 बजे से आज दोपहर 12 तक 6 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में मरीजों की कुल संख्या 181 हो गई है। इनमें से 5 लोगों की मौत हो गई है और 28 लोग ठीक हो गए हैं।

भोपाल में आठ नए मामलों की पुष्टि, मरीजों की संख्या 91 हुई

मध्य प्रदेश के भोपाल में कोरोना वायरस (COVID-19) आज 8 नए मामले सामने आए हैं। यहां मरीजों की संख्या 91 हो गई है। एक मरीज की यहां मौत हो गई है और दो लोग ठीक हो गए हैं।  भोपाल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने इसकी जानकारी दी है।

पुणे में तीन और मरीजों की मौत

पुणे में कोरोना वायरस (COVID-19) से तीन और मरीजों की मौत हो गई है। ये लोग पहले से ही किसी बीमारी से ग्रस्त थे। इससे पहले आज सुबह जिले दो और लोगों की मौत हुई थी। यानी आज यहां 5 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही यहां  मौत का कुल आंकड़ा 13 हो चुका है।

मध्य प्रदेश में एक ही परिवार के आठ सदस्य संक्रमित

मध्य प्रदेश के खरगोन में एक परिवार के आठ सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। वे पिछले महीने दिल्ली में तब्लीगी जमात कार्यक्रम में भाग लेने वाले एक संक्रमित सदस्य के संपर्क में आए थे। जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए व्यक्ति और उसकी मां की मृत्यु हो गई है।

पीएम मोदी ने की अन्य पार्टियों के नेताओं के साथ बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में कोरोना वायरस की स्थिति को लेकर आज वीडियो कांफ्रेंस के जरिए उन पार्टी नेताओं से बात की जिनके पास लोकसभा और राज्यसभा को संयुक्त रूप से मिलाकर 5 सांसद हैं।

दिल्ली में आज कोरोना वायरस (COVID-19) के 51 मामले सामने आए

दिल्ली में आज कोरोना वायरस (COVID-19) के 51 मामले सामने आए हैं। इसमें 35 लोग ऐसे हैं जो विदेश से लौटे हैं। वहीं तब्लीगी मरकज के 4 लोग हैं और दो लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही राजधानी में कुल मामले 576 हो गए हैं।

महाराष्ट्र में आज 60 नए मामलों की पुष्टि, अब तक 1078 मामले सामने आए

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के अब तक कुल 1078 मामलों की पुष्टि हो गई है। राज्य में आज 60 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) क्षेत्र में 44, पुणे नगर निगम क्षेत्र (PMC) में 9, नागपुर में 4, और अहमदनगर, अकोला और बुलढाणा में प्रत्येक में एक-एक नए मामले पाए गए हैं।