कोविड-19 को लेकर नोडल अधिकारी ने कलेक्ट्रेट में ली बैठक

उरई (जालौन) नोडल अधिकारी पवन कुमार की अध्यक्षता में कोविड-19 से सम्बन्धित बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुये उन्होने कोविड-19 के संबंध में होने वाली सैम्पलिंग के बारे में जानकारी तथा एक्टिव केस के संबंध में पूछा। कोविड-19 की टेस्टिंग के संबंध में विस्तार से चर्चा की। किट्स की उपलब्धता के बारे में जानकारी की। सर्विलांस टीम की सक्रियता पर विस्तार से जानकारी की। मरीज को डिस्चार्ज करने का तरीका भी पूछा। आईसीयू की सुविधाओं के बारे में जानकारी की। कोविड-19 के प्रथम मरीज की मृत्यु की जानकारी पर चर्चा की। एक्टिव के केस कहाँ-कहाँ जनपद में है इसके बारे में जानकारी की। ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में कोविड-19 से बचाव हेतु किये गये कार्याे की जानकारी की जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद में कुल 49460 सैम्पलिंग की गयी है तथा टोटल पाजिटिव केस 1287 है, ठीक हुये मरीज 975, मृत्यु 15 की हो गयी है और वर्तमान में एक्टिव केस 297 है तथा लगातार टेस्टिंग की जा रही हैं। जनपद को कुल 41500 किट्स प्राप्त हुयी है जिसमें से 8000 किट्स अभी उपलब्ध हैं। सर्विलांस टीम लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। जनपद में कोविड-19 से संक्रमित प्रथम मृत्यु जिला अस्पताल के डाॅक्टर की हुयी है जो 24 अप्रैल 2020 को हुयी हैं। जनपद में एक्टिव केस जमुना पैलेस, मधुवन विला, हरि होटल, आइसुलेशन एवं आई0सी0यू0 में मरीज रखे जाते हैं। ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में कन्टेनमेन्ट जोन में सर्वे कर टेस्टिंग की जाती है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रशान्त कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अल्पना बरतारिया, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार शुक्ला, उपजिलाधिकारी सदर सत्येन्द्र सिंह, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका उरई संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।