जौनपुर:- जिले में मौसम का कहर जारी है। शुक्रवार की सुबह आठ बजे तक सर्द हवाओं के साथ ही कोहरे से आसमान ढंका रहा। आठ बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हो सका था। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कमी व सर्द हवाओं के कारण गलन बरकरार है। कोहरे का घनत्व काफी अधिक होने से आवागमन में खासी परेशानी हुई। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहा।

कृषि विज्ञान केन्द्र बक्शा के मौसम वैज्ञानिक डा. पंकज जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 8 बजे तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा पश्चिमोत्तर से 6 किमी / घंटा  की रफ्तार से चल रही हैं। इसके सापेक्ष आर्द्रता 92फीसद रही। बताया कि सुबह 10:00 बजे तक तापमान 12 डिग्री सेल्सियस, 12:00 बजे तक 15 डिग्री और 4 बजे तक 20 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाएगा।

शाम पांच बजे के बाद सूरज की किरणों के मद्धिम पड़ने के साथ ही पारे के गिरने का क्रम शुरू हो जाएगा। रात 12 बजे पुनः 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद पारा पुनः गिरने लगेगा। उन्होंने बताया कि यह मौसम रबी की फसलों के लिए फायदेमंद है, क्योंकि पूर्व में कई दिनों तक अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक हो गया था।