पहले एक लाख पीड़ितों की संख्या तक पहुंचने में तीन महीने लेने वाली कोरोना वायरस महामारी का असर तेजी से बढ़ रहा है। चीन से फैली महामारी की चपेट में 201 देश आ चुके थे, जबकि इससे संक्रमित होने वालों की संख्या 8,28,305 पहुंच गई है। वहीं, 40,735 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में 100 साल की सबसे बड़ी आपदा हो गई है, यहां 3400 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। अब तक 1,74,445 लोग संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं।
महामारी का सबसे बुरा प्रभाव झेल रहे इटली के बाद स्पेन सबसे ज्यादा घातक दौर से गुजर रहा है, जहां मंगलवार को 24 घंटे में 849 लोगों की मौत हुई। स्पेन में 94,417 लोग इसकी चपेट में हैं, जबकि मरने वालों का आंकड़ा 8,269 पहुंच गया है। हालांकि देश की स्वास्थ्य प्रमुख मारिया जोस सिएरा ने दावा किया है कि संक्रमण का आंकड़ा लगातार नीचे जा रहा है। देश में नए संक्रमितों की पहचान के लिए जांच में भी तेजी आई है और यह आंकड़ा 20 हजार से अचानक बढ़कर 50 हजार पर पहुंच गया है। वहीं, इटली में मरीजों का आंकड़ा 1,05,792 पहुंच गया। वहीं, 837 नई मौत के साथ मरने वालों की संख्या 12,428 हो चुकी है। इटली में द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद किसी आपदा के चलते मौत का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है।
ब्रिटेन में भी 24 घंटे के अंदर 400 लोगों की मौत दर्ज की गई है और अब वहां 1808 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि 22,141 इस संक्रमित हैं। अमेरिका में 12,730 नए केस के साथ कुल संक्रमित 1,76,518 हो गए हैं, जबकि 3431 लोगों की मौत हो चुकी है। जर्मनी में भी संक्रमण बढ़ रहा है। भले वहां 682 लोगों की मौत हुई है, लेकिन संक्रमण की चपेट में 68,180 लोगों के साथ जर्मनी 5वें नंबर पर है। ईरान में 141 लोगों की मौत मंगलवार को होने के बाद कुल आंकड़ा 2898 हो गया है। यहां 44,605 लोग संक्रमित हैं। फ्रांस में सोमवार रात तक 44,550 संक्रमित थे, जबकि 3024 लोगों की मौत दर्ज की जा चुकी थी।